फरीदपुर के लौंगपुर गांव में जन चौपाल, 65 करोड़ गरीबों को DBT से मिला सीधा लाभ, 125 दिन रोजगार का ऐलान
बरेली : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को बरेली जिले की तहसील फरीदपुर स्थित ग्राम पंचायत लौंगपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं उपमुख्यमंत्री ने की। ग्राम चौपाल के आरंभ में उपमुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक स्व. श्याम बिहारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
VB -G- RAM-G अधिनियम से बदलेगी ग्रामीण रोजगार की तस्वीर

उपमुख्यमंत्री ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम-2025 (VB-G-RAM-G) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून ग्रामीण रोजगार को केवल कल्याण योजना नहीं बल्कि विकास से जुड़ी गारंटी के रूप में स्थापित करता है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को मिलने वाला रोजगार 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, यानी 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही खेतीहर कार्यों के लिए 60 दिन अतिरिक्त आरक्षित किए गए हैं। इस तरह कुल 185 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी तय की गई है।
260 कार्यों को 4 प्रमुख क्षेत्रों में किया गया वर्गीकृत

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिखरे हुए 260 से अधिक अनुमन्य कार्यों को अब चार मुख्य क्षेत्रों में समाहित किया गया है। जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संपत्ति और जलवायु संरक्षण। इससे काम की गुणवत्ता, पारदर्शिता और निगरानी बेहतर होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फसल बोने और कटाई के मौसम में (अधिकतम 60 दिन) अन्य VB-G-RAM-G कार्यों को कानूनी रूप से रोका जाएगा, ताकि किसानों को कृषि कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
भ्रष्टाचार पर लगेगा लगाम, PM गति शक्ति पोर्टल से निगरानी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि VB -G- RAM-G लागू होने से भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगेगी। सभी कार्यों की निगरानी पीएम गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे जवाबदेही तय होगी और ग्रामीणों को समय पर रोजगार मिलेगा।
65 करोड़ गरीबों को DBT से सीधा लाभ

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न आते, तो 65 करोड़ गरीबों के बैंक खाते नहीं खुल पाते। उन्होंने न सिर्फ खाते खुलवाए, बल्कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया। आवास, पेंशन, आयुष्मान और उज्ज्वला योजनाओं का जिक्र उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 4 करोड़ आवास दिए जा चुके हैं और सरकार के तीसरी बार बनने पर 3 करोड़ नए आवास दिए जाएंगे,
दिव्यांग और निराश्रित महिलाओं को प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि आवास में दिव्यांगों और निराश्रित महिलाओं को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने बताया कि पात्र लोगों को पेंशन, आयुष्मान कार्ड से 5 लाख तक मुफ्त इलाज, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और त्योहारों पर मुफ्त रिफिल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और निशुल्क राशन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
लाभार्थियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

लाभार्थियों को दिया लाभ कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। ग्रामीण आवास योजना के तहत साधना, मनीषा, तब्बसुम, अंगूरवती और द्रोपा देवी को आवास की चाभियां सौंपी गईं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत कुंदन लाल और रंजीत सिंह को आयुष्मान कार्ड दिए गए। मातृ वंदना योजना में सोनी और सोनम को लाभ मिला। सूक्ष्म उद्योग के तहत आटा मिल, मसाला और सौंफ प्रोसेसिंग से जुड़े लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और खाद्य प्रसंस्करण योजना के अंतर्गत ऋण के डमी चेक वितरित किए गए।
यह जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज और बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डीसी वर्मा, एम.पी. आर्या, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी और विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।
