नई दिल्ली : दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। बदमाशों ने महिला को उसके घर के बाहर निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद रचना यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रचना यादव अपने पति विजेंद्र यादव की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं। करीब तीन साल पहले प्रॉपर्टी विवाद को लेकर विजेंद्र यादव की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। उस केस में कुछ आरोपी अभी तक फरार चल रहे थे।
पुलिस को शक है कि फरार आरोपियों ने ही गवाही से बचने के लिए इस हत्या को अंजाम दिया है। शालीमार बाग थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और एक बार फिर गवाहों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
