नई दिल्ली : आदर्श नगर से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के क्वार्टर में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय अजय विमल, उनकी पत्नी नीलम और 10 साल की मासूम बेटी जाह्नवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त परिवार फ्लैट के भीतर सो रहा था और आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार देर रात 2 बजकर 39 मिनट पर आदर्श नगर स्थित डीएमआरसी क्वार्टर की पांचवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने फ्लैट के अंदर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक कमरे से तीनों के जले हुए शव बरामद हुए। प्राथमिक जांच में आग घरेलू सामान से फैलने की बात सामने आ रही है। आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के एक कर्मी राकेश भी झुलस गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
