बरेली : यूपी के बरेली शहर के थाना सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे बुजुर्ग को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हाईवे पार करते समय हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव निवासी मूलचंद (55 वर्ष) शाम खेत से काम करके घर लौट रहे थे। गांव के पास ही दिल्ली-लखनऊ हाईवे पार करते समय एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
नए साल के पहले दिन टूटा परिवार पर दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया।नए साल के पहले ही दिन घर के मुखिया की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के भाई नरेश ने बताया कि मूलचंद खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पत्नी कमलेश और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाल रही टीम
शहर के सीबीगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि दिल्ली- लखनऊ हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
