लखनऊ : नए साल की शुरुआत से पहले योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही के 32,679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती सिविल पुलिस के साथ-साथ पीएसी, विशेष सुरक्षा बल यानी एसएसएफ, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर जैसे अहम पदों के लिए की जाएगी।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सिविल पुलिस में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10,469 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं पीएसी में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 15,131 पद खाली हैं। इसके अलावा यूपी एसएसएफ में 1,341 पद, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर के पद भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैं। बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 30 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि आवेदन से पहले upprpb.in पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य होगा। यह साल 2025 में यूपी पुलिस की दूसरी बड़ी भर्ती है। इससे पहले सरकार ने 60,244 पदों पर सिपाही भर्ती पूरी की थी। लगातार हो रही भर्तियों को लेकर सरकार का दावा है कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अगर आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ईडब्लूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये फीस तय की गई है, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को 400 रुपये शुल्क देना होगा।
शैक्षिक योग्यता की बात करें तो आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही कुछ विशेष प्रमाण-पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर महत्व दिया जाएगा। इनमें DOEACC या NIELIT संस्था से कंप्यूटर में ‘O’ लेवल या उससे उच्च स्तर का सर्टिफिकेट, प्रादेशिक सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा, या NCC का ‘B’ प्रमाण-पत्र शामिल है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन प्रमाण-पत्रों पर कोई अतिरिक्त अंक नहीं दिए जाएंगे, लेकिन यदि दो या अधिक अभ्यर्थियों के अंक समान होते हैं, तो चयन के समय इन्हीं आधारों पर प्राथमिकता तय की जाएगी। कुल मिलाकर, यूपी पुलिस की यह भर्ती प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका मानी जा रही है। नए साल पर सरकार के इस फैसले से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
