बरेली/बदायूं: बदायूं जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने तहसील सदर में तैनात राजस्व लेखपाल महेन्द्र सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दोपहर करीब 12:50 बजे तहसील सदर के ग्राउंड फ्लोर बरामदे में की गई।
वारिसान दर्ज करने के बदले मांगी थी रिश्वत
मामला उझानी थाना क्षेत्र के ग्राम गडोरा निवासी दुर्गेश कुमार से जुड़ा है। आरोप है कि उनके दिवंगत पिता की पैतृक संपत्ति के कागजात में वारिसान दर्ज करने के लिए लेखपाल महेन्द्र सिंह ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की थी।
शिकायत मिलते ही बिछाया गया ट्रैप
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। आरोपी वर्तमान में तहसील सदर बदायूं में लेखपाल के पद पर तैनात था।
भ्रष्टाचार अधिनियम में केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एंटी करप्शन टीम ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो बेझिझक संगठन से संपर्क करें।
