मृतक का फाइल फोटो
बरेली : यूपी के बरेली की सेंट्रल जेल में सजा काट रहे शाहजहाँपुर जिले के एक 85 वर्षीय बुजुर्ग कैदी की बीमारी के चलते मौत हो गई। कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
37 महीनों से जेल में था बुजुर्ग कैदी
मृतक की पहचान कलुआ (85 वर्ष) निवासी हथौड़ा बुजुर्ग, थाना रोजा, जिला शाहजहाँपुर के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे संदेश ने बरेली पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि कलुआ पिछले 37 महीनों से जेल में बंद थे। पहले वह शाहजहाँपुर जिला जेल में निरुद्ध थे, लेकिन लगभग एक वर्ष पहले उन्हें सजा काटने के लिए बरेली सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया था।
बीमारी के चलते कराया गया था अस्पताल में भर्ती
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग कैदी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
परिवार में मातम, गांव में शोक की लहर
बुजुर्ग कैदी की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव हथौड़ा बुजुर्ग में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस मामले की पूरी प्रक्रिया का पालन कर रही है, जबकि परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
