बरेली : भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) के गर्ल्स हॉस्टल में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद कमरे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं देख आसपास की छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई, और तुरंत हॉस्टल प्रशासन व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
छुट्टी पर गई थीं छात्रा, बाहर से बंद था कमरा
जिस कमरे में आग लगी, उसमें रहने वाली छात्रा इन दिनों छुट्टी पर अपने घर गई हुई थी। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण अंदर की स्थिति का तुरंत अंदाजा नहीं लग पाया। जब आसपास के कमरों में रह रही छात्राओं को धुएं की गंध आई और खिड़की से धुआं निकलता दिखा, तब सभी छात्राएं दहशत में आ गईं।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी दमकल टीम
दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद जब कमरे की जांच की गई तो अंदर रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। स्टूडेंट की किताबें, कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कमरे में पंखा चालू रह गया था। जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बड़ा हादसा टला, नहीं हुई जनहानि
गनीमत रही कि घटना के समय कमरा बंद था और आग अन्य कमरों तक नहीं फैल सकी। यदि आग फैलती,तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद हॉस्टल प्रशासन ने छात्राओं को सतर्क रहने और इलेक्ट्रिक उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।
