नरमू महामंत्री बसंत चतुर्वेदी बोले- मुझे कुर्सी का लालच नहीं, मेरा उद्देश्य आपकी सेवा
बरेली : एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) का 65वाँ वार्षिक अधिवेशन रविवार को इज़्ज़तनगर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। अधिवेशन में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसमें बसंत चतुर्वेदी को निर्विरोध महामंत्री चुना गया। अधिवेशन में AIRF द्वारा नामित पर्यवेक्षक एल.एन. पाठक की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। इसमें बसंत चतुर्वेदी को एनई रेलवे मजदूर यूनियन का महामंत्री निर्विरोध चुना गया। इसके साथ ही के.एल. गुप्ता को केंद्रीय अध्यक्ष, वी.एन. सिंह को केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
शिवगोपाल मिश्रा का सख्त संदेश
AIRF महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने अपने संबोधन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि “रेलवे कर्मचारियों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।” उन्होंने कहा कि निजीकरण, पदों के सरेंडर और कर्मचारियों के हितों पर हमले के खिलाफ यूनियन एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगी।
“कुर्सी नहीं, सेवा मेरा लक्ष्य” : बसंत चतुर्वेदी

नवनिर्वाचित महामंत्री बसंत चतुर्वेदी ने कहा- “मुझे कुर्सी का कोई लालच नहीं है, मेरा उद्देश्य केवल कर्मचारियों की सेवा करना है। यूनियन को और मजबूत बनाकर हर कर्मचारी की आवाज़ बनूंगा।”मुझे सक्रिय राजनीति में आने का भी ऑफर है, लेकिन मैने सिर्फ आपकी खातिर ठुकरा दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमीनी स्तर की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
कर्मचारियों के हित में अहम प्रस्ताव पारित
अधिवेशन में कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसमें 8वें वेतन आयोग में उचित मल्टीप्लायर फैक्टर लागू किया जाए। कर्मचारियों की री-स्ट्रक्चरिंग, ग्रेड पे 1800 के 30% पदों को ग्रेड पे 1900 में अपग्रेड पदों के सरेंडर और निजीकरण का कड़ा विरोध, रिस्क एवं हार्डशिप भत्ता कमेटी की सिफारिशें शीघ्र लागू हों
अपग्रेडेड पर्यवेक्षकों 4800 व 5400 को ग्रुप ‘बी’ राजपत्रित दर्जा एलडीसीई में ट्रैकमैन को कोटा ट्रैकमैन व पॉइंटमैन कैडर में लेवल-6 में पदोन्नति, एमएसीपी, रेलवे अस्पतालों की समस्याएं सहित अन्य मुद्दे
वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष अतुल सिंह, संयुक्त महामंत्री ओमकार सिंह, केंद्रीय कोषाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, वाराणसी मंडल मंत्री एन.बी. सिंह, लखनऊ मंडल मंत्री आर.एन. गर्ग, इज़्ज़तनगर मंडल मंत्री कामरान अहमद, कारखाना मंडल मंत्री राम किशोर, मंडल अध्यक्ष परवेज अहमद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी ने आरिफ हुसैन ने बताया कि कर्मचारियों के हित में कई प्रमुख प्रस्ताव पास हुआ हैं।
