सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले – नकली दवाओं के कारोबार में सत्ता का संरक्षण, जनता की जान से खिलवाड़ का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में जनता की जान के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कफ सिरप के नाम पर नकली और जहरीली दवाएं बेची जा रही हैं, और इसके पीछे सत्ताधारी दल से जुड़े लोग शामिल हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं, अवैध कारोबार और नशे के धंधे को खुला संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों का एक पूरा साम्राज्य खड़ा हो गया है, जिसमें ऊपर से नीचे तक सत्ता से जुड़े लोग शामिल हैं।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा कहां गया?
सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार अब कहां है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के नकली और जहरीली कफ सिरप के अवैध कारोबार पर सरकार की चुप्पी बेहद गंभीर सवाल खड़े करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अराजकता चरम पर है और ऐसा फर्जीवाड़ा पहले कभी देखने को नहीं मिला।
स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं, लेकिन सरकार आज तक कोई ठोस जवाब नहीं दे पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में नकली और जहरीली कफ सिरप खुलेआम बिकती रही और सरकार ने दवा माफियाओं के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
बुलडोजर कार्रवाई सिर्फ दिखावा?
पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए पूछा कि जो सरकार बुलडोजर कार्रवाई की बात करती है, उसने जनता की जान से खेलने वालों पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है।
भाजपा और माफिया एक ही सिक्के के दो पहलू
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर क्षेत्र में नए-नए माफिया खड़े हो गए हैं- कहीं नकली दवा माफिया, कहीं भूमाफिया तो कहीं अवैध लकड़ी माफिया। सत्ता और माफियाओं का गठजोड़ प्रदेश को खोखला कर रहा है।
2027 को लेकर बड़ा दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के संरक्षण में चल रहे इस अवैध खेल को खत्म करने का काम करेगी।
