पर्दे को लेकर विवाद बना मौत की वजह
शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बुर्का न पहनने की बात को लेकर पहले अपनी पत्नी और फिर अपनी दो नाबालिग बेटियों की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद तीनों शवों को घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में दफना दिया गया।
यह मामला कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत का है। आरोपी का नाम फारुख बताया गया है, जो पेशे से एक होटल पर रोटी बनाने का काम करता था। फारुख अपने पिता और भाइयों से अलग मकान में रहता था। उसके परिवार में पत्नी ताहिरा, तीन बेटियां और दो बेटे थे। मृतकों में पत्नी ताहिरा, 16 वर्षीय बड़ी बेटी आफरीन और 14 वर्षीय छोटी बेटी सहरीन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, फारुख अपनी पत्नी और बेटियों पर इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार पर्दे में रहने का दबाव बनाता था। पत्नी ताहिरा को यह बात स्वीकार नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी इसे अपनी सामाजिक बेइज्जती मानता था और इसी मानसिकता के चलते उसने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची।
पुलिस पूछताछ में फारुख ने कबूल किया कि उसने पहले से हत्या की पूरी योजना बना ली थी। उसने कैराना से अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे और घर के आंगन में सेप्टिक टैंक खुदवाया। घटना के समय पत्नी ताहिरा मायके में थी, जिसे फारुख ने बहाने से घर बुला लिया।
आरोपी के अनुसार, 8 दिसंबर की रात उसने चाय के बहाने पत्नी को जगाया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर दोनों बेटियों की नींद खुल गई। फारुख ने बड़ी बेटी आफरीन को भी गोली मार दी, जबकि छोटी बेटी सहरीन की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों शवों को सेप्टिक टैंक में दफना दिया गया।
घटना के बाद फारुख ने परिजनों और आसपास के लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि वह पत्नी और बच्चों को लेकर शामली में किराये पर रह रहा है। लेकिन जब करीब 10 दिन तक ताहिरा और दोनों बेटियों का कोई पता नहीं चला तो परिवार को शक हुआ। आरोपी के पिता दाउद ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने फारुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बहाने बनाता रहा, लेकिन सख्ती करने पर टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। मंगलवार देर शाम उसकी निशानदेही पर सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई गई, जहां से तीनों शव बरामद हुए।
ग्राम प्रधान द्वारा महिला और दो बच्चियों के लापता होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पति फारुख से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।– एनपी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
