नई दिल्ली : दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजीत सिंह सिरसा ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर बड़ा बयान देते हुए स्वीकार किया है कि नौ से दस महीनों के भीतर प्रदूषण को पूरी तरह समाप्त करना किसी भी सरकार के लिए संभव नहीं है। उन्होंने इस मुद्दे पर दिल्लीवासियों से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
मंत्री सिरसा ने कहा,“मैं दिल्ली के लोगों से माफी मांगना चाहता हूं। सच्चाई यह है कि किसी भी सरकार के लिए 9-10 महीनों में प्रदूषण को पूरी तरह खत्म करना असंभव है।” उनके इस बयान को प्रदूषण की जमीनी हकीकत को स्वीकार करने के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा सरकार ने आम आदमी पार्टी के कार्यकाल की तुलना में हर दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को कम करने के लिए अथक प्रयास किए हैं। यह बयान दिल्ली में प्रदूषण को लेकर जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की ओर भी इशारा करता है।
18 दिसंबर से सख्ती, बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन
पर्यावरण मंत्री ने जानकारी दी कि 18 दिसंबर से दिल्ली में बिना पीयूसी प्रमाणपत्र वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा। वाहन चालकों के पास पीयूसी बनवाने के लिए केवल आज और कल का समय शेष है। गुरुवार से यह नियम पूरी सख्ती के साथ लागू होगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए मंत्री सिरसा ने कहा कि यदि कोई ट्रक निर्माण सामग्री लेकर चलता पाया गया तो उसे सीज किया जाएगा और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली के बाहर से आने वाले BS-6 मानक से नीचे के वाहनों पर अगले आदेश तक प्रतिबंध जारी रहेगा।
