मकान की रजिस्ट्री और अलग रहने की मांग का दावा, दुल्हन पक्ष ने ये किया था दावा
बरेली : यूपी के बरेली में दहेज मांगने के आरोप के चलते बारात लौटने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पहले दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया था कि फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने 20 लाख रुपये और ब्रेजा कार की मांग की। इसके बाद शादी तोड़ दी गई।।मगर, अब दूल्हे ऋषभ ने वीडियो जारी कर इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है, और खुद पर बॉडी शेमिंग का आरोप लगाया है।
“मुझे मोटा कहा गया, इसलिए शादी किया से इनकार”- दूल्हे का दावा
दूल्हे ऋषभ का कहना है कि न तो उन्होंने और न ही उनके परिवार ने किसी तरह का दहेज या कार मांगी। उनका आरोप है कि दुल्हन ने उन्हें ‘मोटा’ कहकर बॉडी शेमिंग की और शादी से इनकार कर दिया। ऋषभ के मुताबिक, दुल्हन पक्ष पहले से शादी के लिए इच्छुक नहीं था,और आखिरी समय पर झूठा दहेज आरोप लगाकर रिश्ता तोड़ा गया।
शादी के लिए रखी गईं शर्तें-मकान की रजिस्ट्री और अलग रहने की मांग
ऋषभ ने वीडियो में बताया कि दुल्हन पक्ष ने शादी के लिए दो प्रमुख शर्तें रखीं। इसमें पहली मांग दुल्हन के नाम मकान की रजिस्ट्री कराई जाए, और संयुक्त परिवार में न रहकर अलग घर में रहने की शर्त। दूल्हे का कहना है कि इन शर्तों को मानने से इनकार करने पर ही दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर शादी तोड़ी गई।
मारपीट और छीना-झपटी के गंभीर आरोप
दूल्हे पक्ष का दावा है कि शर्तों पर विरोध जताने पर दुल्हन के पिता और भाइयों ने उन्हें कमरे में बंद कर मारपीट की। इसके साथ ही झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि परिवार के सदस्यों के सोने के जेवरात और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए, ताकि कोई वीडियो रिकॉर्ड न हो सके।
मां ने भी लगाए काउंटर आरोप, पैसों और संपत्ति की मांग
दूल्हे की मां सुमन लता ने भी बेटे के आरोपों का समर्थन कर कहा कि दुल्हन पक्ष की ओर से लगातार पैसे और संपत्ति की मांग की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज का मामला दबाव बनाने के लिए उछाला गया।
जांच शुरू – दोनों पक्षों के दावे आमने-सामने
मामले में अब दोनों पक्षों के आरोप आमने-सामने हैं। एक तरफ दुल्हन पक्ष दहेज मांग का दावा कर रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ दूल्हा बॉडी शेमिंग, शर्तें थोपने और मारपीट के आरोप लगा रहा है। प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
