प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के बाहर उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच जोरदार झड़प हो गई। बड़ी संख्या में छात्र UPPSC कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे और गेट के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों के सड़क पर बैठने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे इलाके में जाम की स्थिति बन गई। हालात को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों से सड़क खाली करने की अपील की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और हटने से इनकार कर दिया।
जब पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को उठाकर हटाने की कोशिश की तो स्थिति बिगड़ गई। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई। काशी से आए छात्र अखिलेश यादव की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सड़क पर घसीटते हुए वहां से हटाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। झड़प के दौरान एक दरोगा भी संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

छात्रों की पुलिस से झड़प, सड़क पर घसीटने का वीडियो वायरल
छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मौके पर RAF, PAC और स्थानीय पुलिस के करीब 300 जवान तैनात कर दिए गए हैं। UPPSC के मुख्य गेट के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है और पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। फिलहाल 200 से ज्यादा छात्र प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं और धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ती जा रही है। महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है, जिससे आंदोलन और अधिक संगठित होता दिखाई दे रहा है।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र आशुतोष पांडेय की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं वाराणसी से प्रयागराज आ रहे समाजवादी छात्रसभा की BHU इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव समेत कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उन्हें BHU चौकी में रखा गया है।
छात्रों का आरोप है कि PCS प्री-2024 और RO-ARO प्री-2023 के परिणामों में लोक सेवा आयोग ने पारदर्शिता नहीं बरती है। उनका कहना है कि रिजल्ट जारी होने के बाद फाइनल आंसर-की सार्वजनिक नहीं की गई, न ही विभिन्न वर्गों के कट-ऑफ अंक बताए गए। छात्रों की मांग है कि सभी पास और फेल अभ्यर्थियों के नंबर सार्वजनिक किए जाएं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके। प्रदर्शन स्थल पर छात्र डफली बजाकर और नारे लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं, जबकि पुलिस हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
