14 दिसंबर को रामलीला मैदान में SIR के खिलाफ कांग्रेस की विशाल प्रदर्शन, राहुल गांधी और शीर्ष नेताओं का होगा संबोधन
बरेली/नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़ो” महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में बृज ज़ोन और पश्चिम ज़ोन से जुड़े जिला/शहर कांग्रेस अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में मेरठ, बरेली, आगरा, अलीगढ़ सहित पश्चिमी यूपी के जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहे।
रैली के मुख्य मुद्दे-SIR का विरोध, सरकारी विफलताओं पर जनता की आवाज़
बैठक में बताया गया कि 14 दिसंबर की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सरकार की कथित अनियमितताओं और “विपक्ष के वोट काटने की साजिश” के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा जन आंदोलन है। रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ कई वरिष्ठ नेता मंच साझा करेंगे।
बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद?
बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जिला/शहर अध्यक्षों से सीधे संवाद किया और संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य रूप से संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी, यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम आदि थे। सभी वरिष्ठ नेताओं ने 14 दिसंबर की रैली को “ऐतिहासिक अवसर” बताते हुए अधिक से अधिक भीड़ जुटाने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष का बयान-“रैली बदलेगी राजनीतिक माहौल
बैठक से लौटकर जिला कांग्रेस कमेटी बरेली के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि “प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक तैयारी पर जोर दिया गया है। यह महारैली बदलाव की शुरुआत होगी और जनता की आवाज़ ताकत के साथ दिल्ली तक पहुंचेगी।”उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व महापौर प्रत्याशी गुरुजी डॉ. के. बी. त्रिपाठी ने कहा कि “कांग्रेस संगठन मज़बूत हाथों में है। यह महारैली आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी।”
बरेली से पहुंचेगी बड़ी ताकत- वार्डों में चल रहा प्रचार अभियान
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने बताया कि “सभी वार्डों में 14 दिसंबर की रैली के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। बरेली जिले से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।”इस दौरान बरेली से ओमवीर यादव, प्रदेश महासचिव, कृष्णकांत शर्मा, राज शर्मा, हरीश गंगवार समेत प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे।
