रुपया लुढ़क रहा है… सरकार भी लुढ़क रही है”- अर्थव्यवस्था पर S.P. अध्यक्ष का वार, बिहार चुनाव के नतीजे पर कहा- तेजस्वी चुनाव नहीं हार रहे थे… मामला कहीं और है सपा प्रमुख का ऐलान- गरीब माताओं-बहनों को देंगे 40,000 रुपये, मिर्जापुर में कालीन भाई- जौनपुर में कोडीन भाई!
सहारनपुर/नोएडा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को नोएडा में भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी नहीं, राष्ट्र-विवादी पार्टी है… ये लोग हर जगह विवाद ढूंढ़ते और कराते हैं।”अखिलेश का यह बयान SIR (Special Intensive Revision)- NRC विवाद के बीच आया है, जिसे उन्होंने भाजपा का “सबसे बड़ा चुनावी षड्यंत्र” बताया।
वंदे मातरम पर बोले अखिलेश-“ये क्रांतिकारियों का गीत”
वंदे मातरम पर चल रही बहस के बीच उन्होंने कहा कि यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा रहा है। “गांधीजी से लेकर सुभाष बोस, भगत सिंह सभी ने ‘वंदे मातरम,, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जय हिंद’ कहकर देश को आज़ादी दिलाई।”
“SIR के बहाने NRC हो रहा है” -सबसे बड़ा आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि SIR प्रक्रिया के जरिए बड़े पैमाने पर लोगों के नाम वोटर सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि UP में करीब 5 करोड़ लोगों को दोबारा फॉर्म भरना पड़ रहा है। BLO बिना ट्रेनिंग काम कर रहे हैं। अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। PDA, किसान, गरीब और मुसलमानों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग भाजपा से मिलकर मैपिंग के बहाने लोगों के वोट काट रहा है।”सबसे गंभीर आरोप यह रहा कि “जो मैपिंग ऐप इस्तेमाल हो रहा है, वह उसी कंपनी का है, जिसने BJP को इलेक्ट्रोरल बॉन्ड से भारी चंदा दिया था।”
“PDA परिवार के घर गंगाजल से धुलवाना जंगलीपन”
एक सवाल पर अखिलेश ने कहा “जो PDA परिवारों के घर गंगाजल से धुलवाता है… असली जंगली वही हैं।”उन्होंने महाकुंभ भगदड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार ने मौतों की संख्या छिपाई और ब्लैकमनी से मुआवजा दिया। उन्होंने कहा केंद्र में 11 साल से BJP की सरकार है, और UP में 9 साल से BJP की सरकार है। “अगर घुसपैठिए हैं… तो इस्तीफा किसे देना चाहिए? ये सरकार 20 साल क्या कर रही थी?”
अर्थव्यवस्था पर हमला-“रुपया लुढ़क रहा है, सरकार भी लुढ़क रही”
रुपये की ऐतिहासिक गिरावट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि“लुढ़कती सरकार का रुपया भी लुढ़क रहा है।”उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है। अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। सपा प्रमुख अखिलेश ने चेतावनी दी कि“अगर वोट नहीं बनेगा, तो भाजपा सरकार PDA परिवारों का राशन कार्ड रद्द कर देगी और आरक्षण भी खत्म कर देगी।”उन्होंने कहा कि किसानों को धोखा मिला। MSP का वादा पूरा नहीं हुआ। नौजवानों को नौकरी नहीं मिली। PDA को सम्मान नहीं मिला।“बिहार में किसी सभा में नहीं लगा कि तेजस्वी चुनाव हार रहे हैं… एक पहलू ईवीएम का भी हो सकता है।”
समाजवादी वादा-गरीब बहनों को 40,000 रुपये
उन्होंने कहा “अगर वे 10,000 रुपये दे रहे हैं, तो हम 40,000 देंगे। गरीब माताओं-बहनों की मदद करेंगे।”पूर्व सीएम ने सूबे के हालात पर यह तंज कसा,जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
“SIR में भारी गड़बड़ी, लाखों वोटर परेशान होंगे”
सपा ने उत्तर प्रदेश में चल रही SIR प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बताया कि कई जिलों में बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गलत श्रेणी में डालने से लाखों लोगों पर अनावश्यक नोटिस भेजे जाने का खतरा मंडरा रहा है। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 2,47,364 मतदाताओं को बिना कारण ‘कैटेगरी C’ में डाल दिया गया है। सपा का आरोप है कि सभी मतदाताओं ने 2003 की मतदाता सूची का पूरा सही विवरण दिया था, इसके बावजूद उन्हें संदेहास्पद श्रेणी में डालकर नोटिस भेजे जाने की तैयारी है।
वाराणसी, कासगंज, चंदौली, बलिय, कई जिलों में SIR प्रक्रिया बिगड़ी
वाराणसी (पिंडरा) में बीएलओ को 2003 की दूसरी सूची दी गई, जबकि पोर्टल पर दूसरी ही अपलोड है। इससे प्रपत्र सबमिट करने में दिक्कतें। कासगंज में 2003 की मतदाता सूची बदली गई, लाखों मतदाताओं के नाम डिलीट होने की आशंका है। चंदौली में कई बूथों पर 2003 की मतदाता सूची पोर्टल पर उपलब्ध ही नहीं, बीएलओ सभी फॉर्म ‘कैटेगरी C’ में डाल रहे हैं। बलिया (बासडीह) में बीएलओ ने 20–25 फॉर्म कम बांटे, करीब 15–20 हजार मतदाता फॉर्म जमा नहीं कर सके, नाम कटने का खतरा।
सपा की मांग- “तुरंत जांच हो, मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए”
सपा नेताओं के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने ज्ञापन सौंपकर कहा कि “इन गड़बड़ियों से लाखों मतदाता प्रभावित होंगे, SIR प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से कराई जाए।”
