चंपावत : उत्तराखंड के गंगोलीहाट क्षेत्र से एक दुखद और चौकाने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में एक महिला समेत पांच बराती अपनी जान गंवा बैठे, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। यह हादसा चंपावत क्षेत्र के शेरा घाट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बरात शेरा घाट से पाटी चंपावत लौट रही थी, तभी बराती की जीप दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना का समय लगभग रात 2:30 बजे बताया गया है।
स्थानीय लोगों और अधिकारियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को दुर्घटना स्थल से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, घायल लोगों में से चार को नजदीकी लोहाघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रात का अंधेरा और सड़क की स्थिति दुर्घटना में एक अहम भूमिका निभा सकती है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और परिवार वालों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
उत्तराखंड में सड़क हादसे अक्सर भारी बारिश और पहाड़ी मार्गों की चुनौतीपूर्ण स्थिति के कारण होते हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पहाड़ी इलाकों में यातायात नियमों के पालन की अहमियत को उजागर किया है।
