बरेली : डेलापीर तिराहा-स्टेडियम रोड, जो भारी वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र है, वहां बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी पर जा रहे दम्पत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। पूछताछ में चालक ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसने एक वर्दीवाले को 100 रुपये देकर नो-एंट्री में प्रवेश किया था।
चौंकाने वाला खुलासा – 100 रुपये लेकर नो-एंट्री खुली! चार पुलिसकर्मी निलंबित
ट्रक चालक के खुलासे ने पुलिस की कथित वसूली की परतें खोल दीं। मामला गंभीर देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई की और ड्यूटी में लापरवाही पर टीएसआई सतनाम सिंह, मुख्य आरक्षी सोनू कुमार, महिला मुख्य आरक्षी अंजू रानी और आरक्षी सौरभ को निलंबित कर दिया। साथ ही होमगार्ड प्रभूदयाल, रामरतन, पीआरडी जवान मान सिंह और धर्मपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।
हादसे के बीच दूसरा ट्रक भी पहुंचा, भीड़ भड़की – तीन थानों की फोर्स तैनात
हंगामा उस समय और बढ़ गया जब भीड़ के बीच उसी प्रतिबंधित मार्ग पर एक और ट्रक पहुंच गया। लोगों ने पुलिस को घेरकर सवाल खड़े किए कि आखिर एक के बाद एक ट्रक नो-एंट्री में कैसे घुस रहे हैं? दूसरे ट्रक चालक ने भी स्वीकार किया कि उसने भी 100 रुपये देकर अंदर प्रवेश किया। स्थिति बिगड़ती देख प्रेमनगर, बारादरी और कोतवाली की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात करनी पड़ी। दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया गया है।
शादी की तैयारियों के बीच टूटा कहर – दिल्ली जाने को तैयार था दम्पत्ति
आशापुरम निवासी मुकेश अग्रवाल अपनी पत्नी सुनीता के साथ बैंक जा रहे थे। परिवार के अनुसार वह अपनी भतीजी की दिल्ली में होने वाली शादी की तैयारियों के लिए रवाना होने वाले थे। लेकिन रास्ते में ट्रक की टक्कर ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिंगापुर में रहने वाले मुकेश के बेटे और बहू को सूचना दे दी गई है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी: दोषी कोई भी हो, कार्रवाई निश्चित है
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहन का प्रवेश गंभीर लापरवाही है। इस हादसे में एक महिला ने जान गंवाई है। जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को तुरंत निलंबित किया गया है और विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, कठोर कार्रवाई तय है।
