बरेली : उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मण्डल स्तरीय ‘‘खादी एवं स्वावलम्बन उत्सव-2025’’ का भव्य शुभारंभ सोमवार को महापौर डॉ. उमेश गौतम, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।


छात्राओं की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
शहर के द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, तो वहीं साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।अतिथियों ने दोनों विद्यालयों की छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। 10 दिसंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि कई राज्यों की पारंपरिक कला और उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसमें प्रमुख आकर्षण खुर्जा की क्रॉकरी, मुरादाबाद का विश्व-प्रसिद्ध ब्रास वर्क, कानपुर का लेदर उद्योग, वाराणसी की रेशमी साड़ियां, कश्मीर की गर्म शॉलें, बरेली की जरी, हैंडीक्राफ्ट और फर्नीचर, रामपुर का प्राकृतिक शहद, भदोही के कालीन, राजस्थान के बीकानेर की भुजिया, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड की इकाइयों के उत्पाद इसके साथ ही हस्तनिर्मित खिलौने, रेडीमेड गारमेंट्स, मूर्तियां, मिट्टी कला, सूती-रेशमी कपड़े और अन्य करोड़ों के हस्तशिल्प उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए।
स्थानीय खरीदें, कारीगरों को बढ़ावा दें- महापौर की अपील

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कहा-“अधिक से अधिक खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों और इकाइयों को मजबूत बनाएं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से हजारों लोगों को रोजगार मिलने का अवसर है।”उन्होंने कहा कि लोग खादी बोर्ड की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
मंडलायुक्त और CDO ने की उत्पादों की सराहना

मंडलायुक्त भूपेंद्र चौधरी ने प्रदर्शनी के विभिन्न सेक्शनों का निरीक्षण किया और कारीगरों के कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने लोगों से खादी और ग्रामोद्योग उत्पाद खरीदने की अपील की, ताकि स्थानीय इकाइयों की आय बढ़ सके। CDO देवयानी ने भी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित उत्पादों के गुणवत्ता स्तर की सराहना की।
अतिथियों को भेंट में मिला चरखे का प्रतीक

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने महापौर, मंडलायुक्त और CDO को अंगवस्त्र और चरखे की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया।
