बरेली : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को जनपद न्यायालय बरेली सहित सभी बाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में एडीआर सेंटर भवन, बरेली के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

लोक अदालत को सफल बनाने के निर्देश
बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह-द्वितीय, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) बरेली ने की। बैठक का संचालन अपर जनपद न्यायाधीश श्री रामानंद, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत ने किया। उन्होंने सभी विभागों को अधिक से अधिक लंबित वादों को लोक अदालत में भेजने तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत
अपर जिला जज उमा शंकर कहार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिसमें लघु आपराधिक वादों का तेज निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने विभागों से लंबित वादों की पूरी जानकारी जुटाई और कहा कि जिन मामलों में नोटिस पुलिस या विभाग स्वयं तामील करा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के साथ निस्तारित कराया जाए।

शहर में प्रचार कर रहे PLV
DLSA की टीम व पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को लोक अदालत के लाभ समझा रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपने मामलों का निस्तारण कराने की अपील कर रहे हैं। सचिव, DLSA ने आम जनता से कहा कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने वादों का तेजी से निपटारा कराएं। इस दौरान कैनाल मजिस्ट्रेट बृजपाल, पंचायत निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, ACMO डॉ. पवन कपाही, पुलिस अधीक्षक (यातायात) मोहम्मद अकमल खान, ALC बाल गोविंद, SDM राम जनम यादव, BDA DSO अजीत कुमार सिंह, विद्युत विभाग से मनोज कुमार, कैनाल पेशकार विपिन कुमार, विद्युत अधिवक्ता नवदीप सिंह ग्रेवाल, शिक्षा विभाग से तौसीफ अहमद, BSNL से लेखाधिकारी अरविंद शर्मा आदि।
