नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विपक्ष के ड्रामा न करने वाले बयान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “ड्रामा कौन कर रहा है, सब जानते हैं। ये जो बीएलओ की जानें जा रही हैं, ये भी ड्रामा है क्या? भाजपा पुलिस के साथ मिलकर ड्रामा करती है। मतदाताओं पर पिस्तौल लगा देती है। उसके पास संसाधन हैं, उसका मुकाबला कोई नहीं कर सकता।”
यूपी में चल रहे SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को लेकर अखिलेश ने दिल्ली में संसद भवन के बाहर पत्रकारों से कहा, “इतनी हड़बड़ी क्यों है? कई जगहों पर बीएलओ को फॉर्म भरने में भी परेशानी हो रही हैं। उन्हें ट्रेनिंग नहीं दी गई है। SIR लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए होना चाहिए, लेकिन भाजपा चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा वोट काट दिए जाएं।”
इससे पहले सोमवार को संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई। प्रश्नकाल में विपक्षी दलों ने SIR और BLO की मौतों के मुद्दे पर चर्चा की मांग की, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल का हवाला देते हुए इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी।
वहीं, SIR को लेकर लगातार विपक्ष सरकार पर हमलावर है। सपा समेत अन्य दलों का आरोप है कि अधिक दबाव के कारण बीएलओ अपनी जान गंवा रहे हैं। यूपी में अब तक 8 बीएलओ की मौत हो चुकी है, जिनमें से 3 ने सुसाइड किया, जबकि 5 की हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से मौत हुई।
