बरेली/सैफई: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के परिवार में 25 नवंबर को खुशियों भरा अवसर आया। अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव ने लद्दाख की रहने वाली सेरिंग के साथ शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। शादी का कार्यक्रम पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। शादी समारोह में यादव परिवार का पूरा कुनबा एक साथ मंच पर नजर आया। दूल्हा-दुल्हन ने मंच से हाथ जोड़कर अतिथियों और परिजनों का आभार जताया। इसके अलावा दोनों ने अपने चाचा रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव समेत बुजुर्गों के चरण स्पर्श भी किए।
अफजाल अंसारी और अन्य नेता बने मुख्य अतिथि
इस चर्चित विवाह समारोह में समाजवादी पार्टी के सांसद, विधायक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे। प्रमुख अतिथियों में अफजाल अंसारी, मोहिबुल्लाह नदवी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। शादी का आयोजन सैफई महोत्सव पंडाल और निर्माणाधीन इंटर कॉलेज परिसर में किया गया था। पूरे दिन ढोल-नगाड़ों, शहनाई और संगीत से माहौल गुलजार रहा। दूल्हे की बारात में सबसे अधिक चर्चा डिंपल यादव की उपस्थिति को लेकर रही।
अखिलेश यादव ने संभाली व्यवस्थाएँ
शादी समारोह के दौरान अखिलेश यादव लगातार अतिथियों से मिलते रहे और स्वयं व्यवस्थाओं पर नजर रखते दिखे। प्रीतिभोज के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए थे, जहां सैकड़ों मेहमानों ने भोजन का आनंद लिया।
कौन हैं आर्यन यादव और सेरिंग
आर्यन यादव समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के भतीजे और अखिलेश यादव के चचेरे भाई हैं। उनके पिता राजपाल यादव और माता प्रेमलता यादव हैं। दुल्हन सेरिंग लद्दाख की रहने वाली हैं और दिल्ली हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं। उनके पिता लद्दाख के प्रतिष्ठित कारोबारी और ठेकेदार हैं।
