बरेली। थाना भोजीपुरा में गुरूवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। एसएसपी अनुराग आर्य ने जब नए रंग-रूप में सजे थाने का उद्घाटन किया, तो सबसे खास बात यह रही कि शिलान्यास पट्टिका का पर्दा हटाने का सम्मान किसी बड़े अफसर को नहीं, बल्कि थाने के चौकीदार मूलचंद गंगवार को मिला। जी हां, वही चौकीदार जो दिन-रात थाने की चौखट पर पहरा देता है।
पुराने और जर्जर भवन को नया लुक मिला। पुलिस कर्मियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ जोड़ी गईं। हरियाली बढ़ाई गई और परिसर को खूबसूरत बनाया गया। मतलब अब थाने में भी स्वच्छता और सुकून दोनों मिलेंगे।
एसएसपी ने पुलिसवालों और चौकीदारों संग बैठकर खाया खाना। उद्घाटन के बाद माहौल और भी दिलचस्प हो गया। जब एसएसपी ने पुलिसकर्मियों और थाने के चौकीदारों के साथ बैठकर भोजन किया। इस पहल ने पुलिस और स्टाफ के बीच की दूरी को और कम कर दिया।
एसएसपी ने चौकीदारों के योगदान को सराहते हुए मूलचंद, कड़ेराम, भारत सिंह और सब्बीर को सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा ये सिर्फ चौकीदार नहीं, थाने की रीढ़ हैं।
