जौनपुर : इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। बारातियों से भरी एक सफारी कार देर रात 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना रात करीब 10 बजे की है। वाराणसी से धर्मापुर शादी में शामिल होने जा रहे छह बाराती सफारी कार से आ रहे थे। जैसे ही वाहन जौनपुर–केराकत रोड पर मुफ्तीगंज बाज़ार के पास मोड़ पर पहुंचा, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। ड्राइवर ने पूरे जोर से ब्रेक लगाए, लेकिन वाहन संभल नहीं सका और हाईवे से सीधे 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। गिरते समय कार पहले एक पेड़ से टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज़ थी कि आसपास के लोग चीख-पुकार सुनते ही घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
लोगों ने शीशे तोड़कर बचाई जान
जब लोग मौके पर पहुंचे तो कार का गेट लॉक था और अंदर बैठे लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर सभी को बाहर निकाला। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मौके पर 3 की मौत, 3 घायल
सभी घायलों को मुफ्तीगंज CHC ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन बारातियों—बबलू (45), श्यामलाल (35), राजू सोनकर (45) को मृत घोषित कर दिया। तीनों वाराणसी कैंट के रहने वाले और दूल्हे के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। बाकी तीन घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। आज सुबह उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें वाराणसी के लिए रेफर किया गया है।
शादी के ठीक पहले मातम
दुल्हन के भाई गोलू सोनकर ने बताया कि हादसा उनके घर से सिर्फ दो किलोमीटर पहले हुआ। “हम लोग शादी की तैयारियों में थे। जैसे ही हादसे की खबर मिली, हम दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। पुलिस पहले से वहां मौजूद थी और सभी को निकालने की कोशिश कर रही थी।” करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
SP ने लिया स्थिति का जायजा
देर रात जौनपुर SP डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज़ रफ़्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह लग रही है।
