बरेली। देहात के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव कैरूआ में जमीन के विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि पुलिस भी हैरान रह गई। 27 साल के एक युवक ने खुद को गोली मार दी और फिर पुलिस को फोन कर बोला “भाई ने गोली मारी है।” मौके पर पहुंची पुलिस को पहले तो मामला सीरियस लगा। मगर जब गांव वालों से बात की तो मामला पूरा पलट गया।
जाने क्या था मामला?
घटना बीती 16 जनवरी की है। दोपहर करीब 2 बजे जयवीर नाम के युवक ने डायल 112 पर कॉल कर बताया कि उसके सौतेले भाई बालिस्टर ने उसे गोली मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो जयवीर गन्ने के खेत में घायल पड़ा था। उसकी जांघ में गोली लगी थी और पास में ही एक देसी तमंचा भी पड़ा था। शुरुआत में जयवीर का आरोप गंभीर लगा। लेकिन जब पुलिस ने गांव के लोगों से बात की तो उन्होंने बताया कि जयवीर अक्सर शराब के नशे में रहता है और भाइयों से विवाद करता है। घटना वाले दिन भी वह नशे में था और सबके सामने कह रहा था “आज भाइयों को सबक सिखा दूंगा, जेल भिजवा दूंगा।”
पुलिस जांच में खुलासा, खुद ही चला दी गोली
जांच की जिम्मेदारी दरोगा सतेंद्र कुमार को दी गई। जब उन्होंने गहराई से पड़ताल की तो पता चला कि जयवीर ने खुद ही अपने तमंचे से पैर में गोली मारी और फिर भाइयों पर झूठा केस डालने के लिए पुलिस को कहानी सुनाई। पुलिस ने आरोपी जयवीर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी हालत अभी ठीक नहीं है, इसलिए पुलिस निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है। वहीं तमंचा जब्त कर लिया गया है और अब जयवीर पर ही केस दर्ज किया गया है। झूठ बोलकर जयवीर अपने सौतेले भाइयों को जेल भेजना चाहता था, लेकिन अब खुद ही सलाखों के करीब पहुंच गया है।
