भाजपा पर सियासी हमला, बोले, बीजेपी की असल पहचान “पकौड़ा और भगोड़ा”
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की होने की बात कही। बोले, सपा की सरकार में ही सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय और आर्थिक गैरबराबरी को खत्म करना उनकी प्राथमिकता होगी, और इन दोनों मुद्दों को सबसे बड़ी चुनौती माना। बोले, इसको लेकर समाजवादी पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान का उल्लेख किया। बोले, संविधान की प्रस्तावना में ही धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र का सपना है। यही समाजवादी पार्टी की विचारधारा की नींव है, जो नेताजी (स्व. मुलायम सिंह यादव) की विरासत के रूप में युवाओं को मिली है। युवाओं से आह्वान कर इस विचारधारा को सैकड़ों वर्षों तक आगे ले जाने का संकल्प लेने की बात कही। भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा की असल पहचान “पकौड़ा और भगोड़ा” है। बेरोजगारी के समाधान के नाम पर पकौड़ा तलने की सलाह दी गई और कई लोग बैंकों से पैसा लेकर भाग गए।
“जो इतिहास खाई पैदा करे, उसे इतिहास ही रहने दो”
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने औरंगजेब को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘जो इतिहास हमें सही दिशा न दिखा सके, हमें प्रोग्रेसिव रास्ते पर न ले जा सके, जो हमारे बीच में खाई पैदा करे, उस इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए। हमें किसी भी तरह की धार्मिक टिप्पणी नहीं करनी है। इसके साथ-साथ कोई ऐसी बात नहीं करनी है, जो नकारात्मक चीजें पैदा करे, क्योंकि भाजपा मौके की तलाश में रहती है। उसका लक्ष्य है कि मुख्य मुद्दों से हमारा ध्यान हटाकर रखे।’
सपा सरकार में मजबूत किया गया बुनियादी ढांचा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने 2012-2017 की समाजवादी सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों की चर्चा की और बताया कि कैसे उस दौरान प्रदेश की बुनियादी संरचना मजबूत की गई। उन्होंने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को मात्र 23 महीनों में बनाया गया। यह 6 लेन का हाई-टेक एक्सप्रेसवे है। इसको 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है। यह देश का पहला एक्सप्रेसवे था। जिस पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी बनायी गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की नींव, डिज़ाइन और ज़मीन की खरीद समाजवादी सरकार में हुई। इसमें भी लड़ाकू विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग की सुविधा दी गई।लैपटॉप वितरण योजना के तहत लाखों छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए गए, जो आज भी उपयोग में हैं। मेट्रो सेवा के तहत लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो योजनाएं शुरू की गईं। वाराणसी में भी मेट्रो की तैयारी समाजवादी सरकार में हुई, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के मानकों से खिलवाड़
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने न केवल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के मानकों से खिलवाड़ किया, बल्कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट में भारी भ्रष्टाचार किया गया है। 90 किमी की सड़क को 7000 करोड़ में बनाया जा रहा है। इसमें “गोरखधंधा” चल रहा है। स्वास्थ्य और शिक्षा का हाल बुरा है। मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ और सुविधाओं की भारी कमी है। लोहिया संस्थान और केजीएमयू जैसे बड़े संस्थान भी बदहाल हैं। ट्रामा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर गरीबों का इलाज न होने की बात कही। इसके साथ दलाल सक्रिय होने का आरोप लगाया।
दुनिया में खराब की देश की छवि
सपा प्रमुख ने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि धूमिल हुई है। प्रेस की स्वतंत्रता, समानता, भुखमरी और रुपए की गिरावट जैसे मापदंडों में भारत लगातार नीचे जा रहा है।अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़े हैं।मुसलमानों के बाद अब जैन समाज के साथ भेदभाव और जमीनों पर कब्जे की घटनाएं बढ़ रही हैं। मुंबई और मध्यप्रदेश में जैन समाज के मंदिरों पर हमले को निंदनीय बताया। भाजपा की जातिवादी मानसिकता के कारण कुलपति, डीजीपी और अधिकारियों की नियुक्तियां जाति आधारित हो रही हैं।
संविधान, कानून और लोकतंत्र पर खतरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून और संविधान की कोई परवाह नहीं है। जिन लोगों ने धमकी दी या गोली चलाने की बात की, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। गंगा जल से मंदिर धोने की घटनाएं दिखाती हैं कि संविधान के मूल्यों की खुलेआम अवहेलना हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश फर्जी मुठभेड़ों, पुलिस हिरासत में मौतों और बदले की कार्रवाई में नम्बर वन बन गया है। यह लोकतंत्र की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भाजपा का असली चेहरा नाम बदलो, और काम रोको
उन्होंने कहा कि भाजपा का असली एजेंडा नाम बदलो, काम रोको है। विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया गया है। भाजपा की राजनीति जनविरोधी और जमीन हथियाने वाली है। समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार के साथ अन्याय और अत्याचार के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थक एक व्यक्ति ने व्यवधान डालने की कोशिश की। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा के लोगों का कार्यक्रमों में व्यवधान डालना उनके अलोकतांत्रिक रवैये को दर्शाता है। यही उनका चाल, चरित्र और चेहरा है।”
सच्चा हिंदू स्वामी विवेकानंद को मानता है, जानें गमछे पर क्या बोले,
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘मैं इसलिए इस गमछे को पहनकर आया, क्योंकि मैं जगन्नाथ पुरी गया था। मुझे जानकारी मिली कि वहां अभी तक योगी जी गए ही नहीं हैं। मैं गमछा इसलिए पहना हूं, ताकि मैं उन्हें (सीएम योगी) ये बात याद दिला सकूं। वो गए नहीं तो इसका मतलब मैं ये कहूं कि वो हिंदू नहीं हैं, लेकिन मैं यह नहीं कह सकता। अगर मैं भाजपा का होता तो कहता कि वो हिंदू ही नहीं हैं, वे खराब हिंदू हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जो सच्चा हिंदू है, वह स्वामी विवेकानंद जी को मानता है। स्वामी विवेकानंद ने कहा कि यूनिवर्सल एक्सेप्टेंस और टॉलरेंस हमें ज्यादा धर्म सिखाता है। उन्होंने शिकागो में भाषण दिया कि हम उसे देश आते हैं, जो देश और जिस देश का धर्म हमें सब को स्वीकार करना सिखाता है। यूनिवर्सल एक्सेप्टेंस और टॉलरेंस हमारा धर्म सिखाता। बताइए विवेकानंद जी की कितनी बात मानते हैं, केवल वस्त्र पहन लेते हैं और बोलते हैं हम हो गए विवेकानंद। वस्त्र से कोई योगी नहीं हो सकता है, बल्कि विचार से योगी हो सकता है’
