श्रमिकों और कर्मचारियों से की व्यापक भागीदारी की अपील, राष्ट्रव्यापी हड़ताल की सफलता का आह्वान
बरेली : यूपी के बरेली में आगामी एक मई को आयोजित होने वाले मजदूर दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन ने मानसिक चिकित्सालय परिसर में आयोजित बैठक में मजदूर दिवस को ऐतिहासिक और व्यापक भागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने के लिए रणनीति बनाई गई।
अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने किया मांगों का पर्चा जारी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए फेडरेशन के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने मजदूर दिवस और 20 मई को होने वाली प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर श्रमिकों की मांगों का पर्चा जारी किया। इस पर्चे को श्रमिकों और कर्मचारियों के बीच वितरित करने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं बल्कि मजदूर वर्ग की आवाज को बुलंद करने का संकल्प है।
अंबेडकर पार्क में जुटने का आह्वान
फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि श्रमिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने सभी यूनियनों, संगठनों, श्रमिकों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे मजदूर दिवस के आयोजन में बड़ी संख्या में अंबेडकर पार्क पहुंचकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह दिन मेहनतकश जनता की पहचान, आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है।
शोषित वर्गों को जोड़ने की जरूरत
उप महामंत्री गीता शांत ने कहा कि यह समय है जब अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सभी मेहनतकश वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उपाध्यक्ष ध्यान चंद्र मौर्य ने कहा कि असंगठित क्षेत्र, संविदा कर्मचारी, मार्केट वर्कर्स, गीग इकोनॉमी में लगे युवा, मेडिकल और निजी क्षेत्रों के कर्मचारियों का व्यापक शोषण और उत्पीड़न हो रहा है। ऐसे में इन वर्गों को मजदूर दिवस कार्यक्रमों से जोड़ना आवश्यक है।
निजीकरण और पुरानी पेंशन बहाली पर जोर
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.अंचल अहरी ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार निजीकरण को बढ़ावा देना श्रमिकों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली और श्रमिक विरोधी नीतियों के विरुद्ध संगठित संघर्ष की जरूरत बताई। अवतार सिंह ने बिजली विभाग में निजीकरण के खिलाफ चल रहे संघर्ष को तेज करने के लिए फेडरेशन से सक्रिय सहयोग मांगा और इसे जनांदोलन में बदलने की अपील की।
संचालन और प्रतिभाग
बैठक का संचालन उप महामंत्री ललित चौधरी ने किया। इस मौके पर सलीम अहमद, अरविंद देव सेवक, जितेंद्र मिश्रा, हरि शंकर, चरण सिंह यादव, राकेश बाबू, अमीर खां, प्रियंका सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मूल्यवान सुझाव प्रस्तुत किए और मजदूर दिवस आयोजन को भव्य रूप देने की प्रतिबद्धता जताई।
