सोशल मीडिया की सनक में सुरक्षा ताक पर, RPF ने सख्ती दिखाई
हापुड़ /लखनऊ : यूपी के हापुड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसने रील्स की सनक और लापरवाही की हदें दिखा दी हैं। यहां तीन युवकों ने वायरल वीडियो बनाने के चक्कर में न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि रेलवे की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल दिया। यह तीनों युवक चंदसारा रेलवे लाइन पर पहुंचे। इसके बाद बाइक के पिछले टायर में पेट्रोल डाला और उसे आग के हवाले कर खतरनाक स्टंट करने लगे। इस पूरे करतब को वीडियो में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही रेलवे पुलिस में हड़कंप
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल मुख्यालय में जैसे ही यह वीडियो पहुंचा। उन्होंने तुरंत हापुड़ रेलवे पुलिस फोर्स को अलर्ट कर दिया। वीडियो में साफ देखा गया कि युवक रेलवे ट्रैक पर जलते टायर के साथ स्टंट कर रहे हैं, जिससे न केवल रेल संचालन बाधित हो सकता था बल्कि पटरियों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
बाइक नंबर से मिली पहचान, तीनों गिरफ्तार
रेलवे पुलिस ने वायरल वीडियो की गहन जांच की और बाइक नंबर के आधार पर तीनों युवकों की पहचान की। आरोपियों के नाम तरुण गोस्वामी (22 वर्ष), शाहिर (22 वर्ष) और शहजाद (22 वर्ष) तीनों मेरठ जिले के फफूंडा गांव, थाना लोहिया नगर के निवासी हैं।
रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज, भेजा गया जेल
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 385/25 और 153 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तीनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने अपील की है कि स्टंट के चक्कर में रील्स न बनाएं। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। रेलवे पुलिस और प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें। सोशल मीडिया पर कुछ पल की वाहवाही के लिए की गई ऐसी हरकतें कानूनी पचड़े और जिंदगी भर की सजा का कारण बन सकती हैं।
![]()
