बरेली : यूपी के बरेली में सोमवार रात 3 बजे से शुरू हुई मूसलधार बारिश ने शहर से लेकर देहात को पूरी तरह जलमग्न कर दिया। छह घंटे तक लगातार हुई बारिश के कारण लखनऊ-दिल्ली हाईवे समेत प्रमुख सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। ट्रैफिक पुलिसकर्मी पानी में खड़े होकर व्यवस्था संभालते नजर आए।
घरों-दुकानों में घुसा पानी

शहर के मढ़ीनाथ,पुराना शहर, जगतपुर, सिविल लाइंस, पावर हाउस और आसपास की कॉलोनियों में जलभराव के कारण लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर लगा लंबा जाम

जलभराव के चलते लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कई वाहन बंद हो गए और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
रेलवे ट्रैक भी पानी में डूबा
बरेली सिटी और जंक्शन के बीच रेलवे ट्रैक पर लगभग चार फुट तक पानी भर गया। जिससे बरेली -कासगंज रेल मार्ग ठप हो गया। पांच से अधिक ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा जबकि कुछ को डायवर्ट किया गया। इसके अलावा बरेली वाया पीलीभीत-मैलानी ट्रैक पर भी पानी भर गया। जिसके चलते ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ है।
पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति ठप

तेज आंधी के चलते शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिर गए। जिससे सड़कें जाम हो गईं और बिजली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुईं। फतेहगंज पश्चिमी इलाके में ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। कई कॉलोनियों में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति 10 से 12 घंटे से ठप है। जिसके चलते लोग परेशान हैं। बिजली विभाग और नगर निगम की टीमें जल निकासी और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सतर्क रहें।
