अमरोहा/लखनऊ: यूपी के अमरोहा जिले के अतरासी गांव के जंगल में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार को भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि पूरी फैक्टरी और टीनशेड की संरचना धराशायी हो गई। चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।
धमाके के बाद मचा हड़कंप
घटना के वक्त फैक्टरी में दर्जनों मजदूर काम कर रहे थे। तेज धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर मलबे में दब गए, जिन्हें बाहर निकालने का अभियान NDRF और फायर ब्रिगेड की मदद से जारी है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इससे पहले, 1 मई को भावली गांव में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था। जिसमें एक बच्चा झुलस गया था। उस समय भी प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई।
लापरवाही और मिलीभगत के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से ही ये अवैध फैक्ट्रियाँ चल रही हैं। अतरासी गांव की फैक्टरी को लेकर भी कोई लाइसेंस या सुरक्षा मानक लागू नहीं थे। यह फैक्टरी कथित रूप से जंगल क्षेत्र में छिपकर चल रही थी। जहां ग्रामीणों को दिहाड़ी पर काम पर लगाया जाता था।
जानें क्या बोले प्रशासनिक अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी, डीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की तरफ से बताया गया कि प्रथम दृष्टया यह अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी प्रतीत हो रही है। कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है और जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
