बदायूं/बरेली: यूपी के बदायूं जिले के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात डीएम चौराहे के पास एक बैंक्वेट हॉल के बाहर हुई, जहां 24 वर्षीय एमकॉम छात्र कर्तव्य पटेल को गोली मार दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
कर्तव्य पटेल, पुत्र भूपेंद्र सिंह, मूल रूप से बदरपुर का निवासी था और इस समय ब्रह्मपुर में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह राजकीय डिग्री कॉलेज में एमकॉम का छात्र था। रविवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ टहलने निकला था। इसी दौरान एक बैंक्वेट हॉल के बाहर शौर्य ठाकुर नामक युवक ने अपने साथियों संग मिलकर उस पर फायरिंग कर दी। गोली कर्तव्य की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप
कर्तव्य के भाई हिमांशु ने पुलिस को बताया कि शौर्य ठाकुर पहले से ही उसके भाई को धमका रहा था। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह हमला किया। हत्या की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस की कार्रवाई
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
