पुणे/महाराष्ट्र/लखनऊ : महाराष्ट्र के पुणे ज़िले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार देर रात इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया। जिससे वहां से गुजर रहे कई लोग नदी में बह गए। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20 से ज्यादा लोग इस हादसे में डूब गए हैं। मगर, 4 लोगों की मौत की बात सामने आई है। हालांकि, विधायक सुनील शेलके ने अब तक 6 लोगों की मौत की बात कही है, जबकि बाकियों की तलाश जारी है।
कई राहगीर नदी में समा गए
यह हादसा मावल तालुका के खेडशिवापुर इलाके में हुआ। जहां भारी बारिश के चलते इंद्रायणी नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा था। इसी दौरान यह पुल अचानक टूट गया। जिससे उस समय पुल पर मौजूद कई लोग और वाहन नदी में समा गए।
मदद को पहुंची टीमें
स्थानीय प्रशासन, NDRF, और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है। अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोज के लिए ड्रोन और बोट्स की मदद ली जा रही है।
विधायक ने संभाला संभाली स्थिति
विधायक सुनील शेल्के ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और हादसे में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि “यह बेहद दुखद घटना है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। लापरवाही अगर पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को मुआवज़ा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने पूरे राज्य में पुलों की जांच और ऑडिट के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर से मानसून में बुनियादी ढांचे की खस्ता हालत और प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
