सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, बोले, आग लगी या लगाई गई ?

अपर शिक्षा निदेशक ने जांच को हाइलेवल कमेटी गठित की, पुलिस कमिश्नरेट को भी लिखा पत्र, अचानक लगी आग से मची अफरा-तफरी, कई दस्तावेजों का भारी नुकसान
लखनऊ / प्रयागराज : यूपी के प्रयागराज (इलाहाबाद) के शिक्षा निदेशालय कार्यालय में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लगने की घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा भवन घने धुएं में घिर गया। इस भयावह घटना में शिक्षा निदेशालय में रखी 5000 से अधिक स्कूलों से जुड़ी अहम फाइलें और दस्तावेज जलकर खाक हो गए। हालांकि, सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि शिक्षा निदेशालय में आग लगी है या लगाई गई है। यह तकनीकी कारणों से घटित हादसा है या वजह कुछ और है, शंका समाधान के लिए हाइलेवल जांच हों। उधर, अपर शिक्षा निदेशक सुरेंद्र तिवारी ने घटना के सभी बिंदुओं की जांच के लिए हाईलेवल समिति का गठन किया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट को भी पत्र लिखा है।
दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक संघर्ष करना पड़ा। राहत कार्य के दौरान दमकल कर्मियों को गीले इलाकों में करंट लगने जैसी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। जिससे बचाव अभियान और भी जटिल हो गया। कड़ी मेहनत के बावजूद इमारत में रखे अधिकतर कागजात को बचाया नहीं जा सका।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका

प्रशासन द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, सटीक कारणों की पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। गनीमत रही कि इस भीषण घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
नष्ट हुई फाइलों से शैक्षिक कार्यों पर पड़ेगा असर

इस हादसे में नष्ट हुई फाइलों में स्कूलों की मान्यता, पंजीकरण, अनुदान, शिक्षकों की नियुक्ति और अन्य प्रशासनिक दस्तावेज शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दस्तावेजों के नुकसान से न केवल स्कूलों के प्रशासनिक कार्य बाधित होंगे, बल्कि छात्रों से जुड़े कई अहम मामले भी प्रभावित हो सकते हैं। शिक्षा विभाग अब बची हुई डिजिटल रिकॉर्डिंग और बैकअप डेटा को खंगालने में जुट गया है ताकि कम से कम नुकसान को पूरा किया जा सके।
आग के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर अलर्ट
प्रयागराज जिला प्रशासन ने इस गंभीर घटना को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा का आदेश दिया है। प्रस्तावित योजनाओं के तहत आग बुझाने वाले उपकरणों की नियमित जांच की जाएगी। भवनों की विद्युत वायरिंग का समय-समय पर ऑडिट कराया जाएगा। कर्मचारियों के लिए अनिवार्य अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण और फायर सेफ्टी ड्रिल करवाई जाएगी।
शिक्षा निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि “हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि नुकसान का आकलन जल्द से जल्द किया जाए और जो दस्तावेज डिजिटल फॉर्म में उपलब्ध हैं। उन्हें तुरंत रिकवर किया जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी।”
