बांदा/लखनऊ : यूपी के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। पैलानी थाना क्षेत्र के अलोना गांव में एक छुट्टा गाय ने छह वर्षीय मासूम मोहम्मद निसार पर हमला कर दिया और उसे सींगों से उठाकर कई बार जमीन पर पटका। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घर का एकलौता चिराग बुझा
मोहम्मद निसार गांव के निवासी जुम्मन खान का इकलौता बेटा था। वह गांव के बच्चों के साथ सहायदास बाबा के स्थान के पास खेल रहा था, तभी अचानक एक आवारा गाय वहां पहुंची और निसार पर हमला कर दिया। अन्य बच्चे भाग निकले, लेकिन निसार को गाय ने बेरहमी से घायल कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह गाय को भगाया और लहूलुहान बच्चे को उसके घर पहुंचाया। गांव के जुगल किशोर ने उसे परिजनों के हवाले किया, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद निसार को अस्पताल नहीं ले जाया गया, और देर रात उसकी मौत हो गई।
मां का चार साल पहले हो चुका है इंतकाल
मासूम निसार की मां खैरुनिशां का चार साल पहले ही बीमारी से निधन हो चुका है। अब इस हादसे ने परिवार की बची-खुची उम्मीदें भी छीन लीं। निसार अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और अपने पिता का इकलौता बेटा था। ग्राम प्रधान सुमित सविता ने बताया कि एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिवार ने गहरे शोक में बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
एसडीएम पैलानी अंकित वर्मा ने कहा कि मौके पर नायब तहसीलदार मोहम्मद मुस्तकीम को भेजा गया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम न होने के कारण दैवी आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता नहीं दी जा सकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पोस्टमॉर्टम होता, तो सरकारी सहायता की प्रक्रिया पूरी हो सकती थी।
