गाजियाबाद/लखनऊ : देश अभी अहमदाबाद विमान हादसे के गहरे सदमे से उबरा भी नहीं था कि दिल्ली में एक ट्रेन दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गाजियाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन (संख्या 64419) का चौथा डिब्बा शिवाजी ब्रिज स्टेशन के पास पटरी से उतर गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, रेल सेवाएं बाधित
ट्रेन जैसे ही शिवाजी ब्रिज स्टेशन के नजदीक पहुंची, अचानक उसका एक डिब्बा पटरी से उतर गया। यात्रियों में भगदड़ मच गई, लेकिन मौके पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल और बचाव टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया। रेल यातायात प्रभावित हुआ है और आसपास की ट्रेनों के समय में बदलाव किया जा सकता है।
रेलवे ने शुरू की जांच, जल्द बहाल होंगी सेवाएं
उत्तर रेलवे के अनुसार “ट्रेन संख्या 64419 (NZM-GZB EMU) की एक बोगी डिरेल हो गई है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बचाव कार्य और जांच जारी है।”रेलवे ने यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। डिरेल बोगी को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
दिल्ली-NCR का व्यस्त रूट हुआ प्रभावित
इस मार्ग से रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में यह हादसा राजधानी क्षेत्र की रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से बाधित कर सकता है।
![]()
