लखनऊ / आजमगढ़ (एजेंसी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को बचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित संविधान ही भारत की असली ताकत है, और आज वक्त है कि हम सब मिलकर उस संविधान की रक्षा करें।उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारा जवाब देकर यह बता दिया कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के पास है।
“संविधान हमारी ढाल, सम्मान और ताकत है” – अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने कहा कि “बाबा साहब का संविधान हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उसी संविधान ने हमें हक और बराबरी दी है। आज जब कुछ ताकतें उसे कमजोर करना चाहती हैं, तो हम समाजवादी संकल्प लेते हैं कि संविधान की रक्षा करेंगे।”उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दल ने न केवल संविधान के सिद्धांतों को कुचला, बल्कि लोकतंत्र को भी कमजोर करने का प्रयास किया।
पीडीए आरक्षण पर हमला और लोकतंत्र की हार-जीत
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के आरक्षण के अधिकारों को छीना, लेकिन इस बार जनता ने अपने वोट से हिसाब बराबर कर दिया। “लोकसभा चुनाव 2024 में जिस तरह से भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा, वो दिखाता है कि जनता ने समाजवाद और संविधान के पक्ष में मतदान किया है।”उन्होंने आगे कहा कि आज जब देश कठिन परिस्थिति में है, तो पीडीए ने एकजुटता दिखाई और समाजवादी पार्टी को सबसे बड़ी ताकत बनाकर उभारा।
“हमें संविधान और कानून का सहारा लेना है, दो-दो हाथ नहीं”
उन्होंने कहा कि समाजवादियों से अपील है कि “हमें किसी से लड़ाई नहीं करनी है, लेकिन कानून और संविधान के जरिए अन्याय के खिलाफ लड़ना है। समाजवादी सरकार आने पर कानून का राज और सामाजिक न्याय स्थापित किया जाएगा। आज जो लोग कानून तोड़ रहे हैं, उन्हें वही पुलिस वाले कानून के तहत सजा देंगे।”
आजमगढ़ से विशेष लगाव और वफादारी की सराहना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ की जनता का विशेष आभार जताते हुए कहा कि “आजमगढ़ हमेशा समाजवादियों के साथ खड़ा रहा है। राजनीतिक परिस्थितियां कुछ भी रही हों, लेकिन यहां की जनता ने हमेशा हमें समर्थन दिया है।”
बाबा साहब की जयंती पर लिया गया संकल्प
उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर समाजवादियों ने यह संकल्प लिया है कि “भेदभाव और अपमान फैलाने वाली ताकतों से लड़ते रहेंगे, और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करेंगे।” इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसमें महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी, सांसद धर्मेंद्र यादव समेत पार्टी के अन्य विधायकगण और पदाधिकारी भी मौजूद थे।
