लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार यानी आज लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल फूंका। डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित इस बैठक में एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि अब जनता भाजपा की “जुल्म-सरकार” को और बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बेईमान और धोखेबाज पार्टी है, जो चुनावों में बेईमानी करती है और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से निष्पक्षता बरतने की अपील की।
यूपी में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। अपराधी खुलेआम वारदात कर रहे हैं और उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उपमुख्यमंत्री पर निर्दोषों को फर्जी मुकदमों में फंसाने का आरोप भी लगाया गया।
भाजपा सरकार में पीडीए के साथ अन्याय

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पीडीए (पिछड़े, दलित,अल्पसंख्यक) वर्गों के साथ भेदभाव किया है, जबकि समाजवादी पार्टी इन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकता भाजपा की नींद उड़ा रही है, इसलिए उसे और मजबूत करना होगा। पूर्व सीएम ने भाजपा की सरकारों पर 11 साल में केंद्र और 8 साल में राज्य में कोई उल्लेखनीय कार्य न करने, महंगाई बढ़ाने, अर्थव्यवस्था खराब करने और सरकारी सम्पत्तियां बेचने का भी आरोप लगाया।
जल जीवन मिशन में भी भ्रष्टाचार

पूर्व सीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार और बिजली संकट को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने यह विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी में पूरी ताकत लगाने की अपील की। इस दौरान पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, सांसद नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक शाहिद मंजूर, राममूर्ति वर्मा, अतुल प्रधान, प्रदीप यादव, आशु मलिक, पूर्व मंत्री डॉ. पी.के. राय, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल आदि मौजूद थे।
![]()
