शाहजहांपुर : शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनके दो मासूम बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
यह हादसा शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही गिर पड़े।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान निगोही क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया, उनकी पत्नी सीमा देवी, आठ साल की बेटी दीक्षा और छह साल के बेटे नैतिक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि अरुण अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पुवायां के गांव सिरखिड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। गुरुवार को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत पुवायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अरुण मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी एक बेटी प्रांशी घर पर ही थी, जो इस हादसे में बच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अरुण ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें और गंभीर हो गईं। वहीं हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वाहन पुवायां क्षेत्र का है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
