बरेली : यूपी के बरेली जनपद के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां 35 वर्षीय सिपाही मुकेश कुमार त्यागी का शव उसके किराए के मकान में खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच में उसकी मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। सिर में चोट का निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
कमरे से आई दुर्गंध और खून देख लोग चौंके, फिर पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार को उनके मोहल्ले में स्थित कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी और बाहर से खून के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो मुकेश कुमार का शव फर्श पर खून से सना हुआ पड़ा था। सिर पर गंभीर चोट थी।
पत्नी-बेटी मायके गई थीं, सिपाही अकेला था कमरे में

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार बरेली में तैनात था लेकिन वह लंबे समय से लाइन हाजिर चल रहे थे। वह मढ़ीनाथ में किराए के कमरे में पत्नी और बेटी के साथ रहता था। शुक्रवार को उसकी पत्नी बेटी के साथ संभल स्थित मायके चली गई थीं। जिसके चलते वह अकेला रह गया था।
शराब का आदी था सिपाही, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाना चुनौती

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मुकेश शराब पीने का आदी था। हालांकि, पुलिस इस मामले में आत्महत्या की थ्योरी को भी खारिज नहीं कर रही, लेकिन सिर पर गहरे जख्म ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सेकेंड अजय कुमार, और सुभाषनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या थी या आत्महत्या। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस की टीम जुटी जांच में, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठ जाएगा।
जानें क्या बोले एसएसपी
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि मकान मालिक ने आरक्षी (सिपाही) मुकेश कुमार त्यागी का शव पड़ा होने की सूचना दी थी। जिसके चलते तुरंत पुलिस पहुंची। इसके बाद एसपी सिटी और सीओ के साथ मुआयना किया गया। मृतक की पोस्टिंग पुलिस लाइन में थी। वह शराब के आदि थे। उनकी पत्नी और बेटी से मोबाइल फोन पर संपर्क साधने की कोशिश जा रही है। इसके साथ ही मामले की बारीकी से जांच हो रही है।
