बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र के दलीपपुर गांव में घरेलू विवाद एक दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गया। आरोप है कि एक शराबी पति ऋषिपाल ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी पुष्पा की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब के नशे में झगड़ता था अक्सर
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में था और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि “आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह और शराब की लत मुख्य वजह मानी जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।” गांव में इस दर्दनाक वारदात के बाद मातम पसरा है और ग्रामीणों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है।
