बरेली : शहर के एक निजी अस्पताल में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक सड़क हादसे में घायल मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर हमला बोल दिया। यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मुलडिया निवासी एक मरीज को सोमवार को गंभीर अवस्था में मिनी बाईपास स्थित निजी अस्पताल में लाया गया था। वह सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गया था। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे राम मूर्ति मेडिकल कॉलेज (हायर सेंटर) रेफर कर दिया। परिजन जब उसे लेकर हायर सेंटर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को लेकर लौटे परिजन बेहद आक्रोशित हो गए और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
प्रबंधक पर हमले का आरोप,मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद

मृतक के साथ आए तीमारदारों ने लोगों को उकसाया और देखते ही देखते अस्पताल प्रबंधक पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने प्रबंधक को जान से मारने की धमकी भी दी। अस्पताल के कर्मचारियों चंद्र पाल, संतोष कनौजिया, मनोज और महेश ने स्थिति को संभालते हुए किसी तरह प्रबंधक को हमलावरों से बचाया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस को सौंपी गई तहरीर, सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई की तैयारी

प्रबंधक ने इज्जतनगर थाने में तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर हालत को समझते हुए उसे समय पर हायर सेंटर रेफर किया था। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में इस तरह का हमला चिकित्सा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की बात कह रही है। इस मामले की जांच जारी है।
