बरेली/बदायूं : यूपी के बदायूं जिले के वजीरगंज कस्बे में ऐसी हृदयविदारक घटना घटी। जिसने पूरे नगर को शोक में डुबो दिया। वार्ड नंबर 1 निवासी दंपती पूर्व नगर पंचायत सभासद रामवाला (64 वर्ष) और उनके पति गिरीश चंद्र वार्ष्णेय (66 वर्ष) की महज 15 मिनट के अंतराल में दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से मौत हो गई। एक साथ हुई इस त्रासदी ने परिजनों और नगरवासियों को स्तब्ध कर दिया।
पत्नी की मौत पर पति को लगा गहरा सदमा
सुबह अचानक रामवाला की तबीयत बिगड़ी और उन्हें हार्ट अटैक आया। परिवार के लोग उन्हें लेकर तुरंत वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनकर पति गिरीश चंद्र वार्ष्णेय को गहरा सदमा लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल में ही उनकी हृदय गति रुक गई और कुछ ही मिनटों में उनकी भी मौत हो गई।
एक साथ उठीं दोनों की अर्थियां
इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही मोहल्ले और नगर में फैली, लोग स्तब्ध रह गए। पति-पत्नी की अर्थियां एक साथ उठीं तो हर आंख नम हो गई। आसपास के सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर पहुंचे। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि दोनों बेहद मिलनसार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे।
एक साथ जलीं चिताएं, बिछड़ा न बंधन
परिवार ने पति-पत्नी का एक साथ अंतिम संस्कार किया। इस दृश्य ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। पूरे नगर में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना को ईश्वर की लीला मानकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
