मथुरा में फेरों से पहले शादी टूटने का अनोखा मामला, दुल्हन की फुफेरी बहनों के ‘भड़काने’ पर टूटी दो शादियां, दूल्हे लौटे मायूस
मथुरा/लखनऊ : शादी-विवाह जैसे पवित्र रिश्ते कभी-कभी अकल्पनीय मोड़ ले लेते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला मथुरा जिले के टैंटीगांव क्षेत्र से सामने आया है। यहां फेरों से पहले ही दो दुल्हनों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जयमाला की तैयारी हो चुकी थी, मेहमान दावत में व्यस्त थे, लेकिन अचानक मंडप से शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं।
फेरे नहीं, इंकार मिला दूल्हों को
टैंटीगांव स्थित एक फार्म हाउस में दो भाइयों की शादी आगरा के न्यू नगला पदी निवासी दो युवतियों से होनी थी। दोनों परिवारों में रस्में हो चुकी थीं, गोद भराई के बाद 7 जून की तारीख तय की गई थी। शादी समारोह का आयोजन पूरे उत्साह से चल रहा था, तभी दुल्हनों ने ऐन मौके पर शादी से मना कर दिया।
सालियों का ‘भड़काना’ बना कारण?
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि समारोह में आई दुल्हनों की फुफेरी बहनों ने दूल्हों के बारे में नकारात्मक बातें कहकर उन्हें शादी से मना करने के लिए उकसाया। परिणामस्वरूप, दोनों दुल्हनों ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। परिजनों ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे अपने फैसले पर अडिग रहीं।
हंगामे के बाद पहुंची पुलिस, पंचायतें चलीं रातभर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी प्रभारी अजीत मलिक मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बातचीत और पंचायतों का दौर चला, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः कन्या पक्ष के लोग युवतियों को लेकर वापस लौट गए और शादी टूट गई। मांट क्षेत्र की सीओ गुंजन सिंह ने बताया कि, “युवतियों को लड़के पसंद नहीं आए। इसलिए उन्होंने शादी से मना कर दिया। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है, कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।”
दूल्हे और परिवार हुए निराश
शादी टूटने से दूल्हे और उनके परिवार को भारी मानसिक आघात पहुँचा है। रिश्तेदारों में मायूसी का माहौल है और सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
![]()
