अवसाद से जूझ रहा था मृतक विशाल जोयल, पत्नी और बेटे से रह रहा था अलग, मकान में दुर्गंध फैलने पर मकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना
कानपुर/लखनऊ : यूपी के कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक रहस्यमयी घटना ने सनसनी फैला दी, जब एक मकान के कमरे से 48 वर्षीय होटल मैनेजर विशाल जोयल का तीन दिन पुराना शव बरामद किया गया। विशाल बीते कुछ महीनों से नौकरी से वंचित था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
अकेले रह रहा था, पत्नी और बेटा अलग
पुलिस के अनुसार, विशाल पहले शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था, लेकिन कुछ समय से नौकरी नहीं थी। पारिवारिक तनाव के चलते उसकी पत्नी रितु अपने बेटे एलन के साथ अलग रह रही थीं, जबकि विशाल मैनावती मार्ग, नवाबगंज के किराए के मकान में अकेले रह रहा था।
कमरे से दुर्गंध उठी तो हुआ खुलासा
तीन दिन से विशाल न तो घर से बाहर निकला, न ही किसी से बातचीत हुई। रविवार शाम को जब मकान मालिक ने कमरे से तेज दुर्गंध महसूस की, तो पहले परिजनों और फिर पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के ममेरे भाई एल्विस के साथ पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा।
बेड पर पड़ा मिला शव, नाक से बह रहा था खून
पुलिस जब कमरे में दाखिल हुई तो विशाल का शव बेड पर पड़ा मिला। नाक से खून निकल रहा था। जिससे मौत की परिस्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए। कमरे को तत्काल सील कर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। जिसने मौके से अहम साक्ष्य इकट्ठा किए।
पोस्टमॉर्टम में कारण स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। ऐसे में डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है और रासायनिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या – सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
परिवार कर रहा सहयोग, जांच जारी
विशाल की मां वीरा जोयल और भाई सचिन जोयल लखनऊ में रहते हैं। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि, “जांच तेजी से की जा रही है, और जल्द ही मौत की असली वजह का खुलासा कर दिया जाएगा।”
![]()
