रिहायशी इलाके में गिरा विमान, आसमान में उठा धुएं का गुबार, राहत कार्य जारी
एजेंसी
अहमदाबाद/लखनऊ : गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है, जब एअर इंडिया का एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गया। हादसा मेघानी नगर के रिहायशी इलाके में हुआ। जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। विमान में कुल 242 यात्री सवार बताए जा रहे हैं और यह लंदन के लिए उड़ान भर रहा था। हालांकि, अभी पुलिस और एअर इंडिया और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की तरफ से कोई बयान जारी नहीं हुआ है। जिसके चलते कोई पुष्टि नहीं की जा सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान जैसे ही अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद आगे बढ़ा, तभी वह तकनीकी दिक्कत के चलते असंतुलित होकर रिहायशी इलाके में जा गिरा।
आसमान में धुआं ही धुंआ
दुर्घटना के बाद आसमान में घना धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। विमान में लगी आग बुझाने की कोशिश की जा रही है और फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
राज्य सरकार और केंद्र सरकार की सक्रियता
हादसे की जानकारी मिलते ही गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने स्थिति की समीक्षा करते हुए अहमदाबाद के लिए तत्काल प्रस्थान किया। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बात कर हादसे की जानकारी ली और राहत कार्य में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
क्षति और हताहत की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान में कितने यात्री सवार थे।मगर, मीडिया रिपोर्ट से 242 यात्रियों की बात सामने आई है। क्या स्थिति है, यही भी कुछ साफ नहीं हुआ है। एअर इंडिया और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की टीमें मौके पर रवाना हो गई हैं।
स्थानीय लोगों को नुकसान होने की उम्मीद
हादसे में स्थानीय लोगों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। क्योंकि, विमान एक घनी आबादी वाले क्षेत्र में गिरा है। सरकारी एजेंसियों द्वारा प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है।
![]()
