पैदल यात्रा, स्वच्छता सेवा, खेल और अनूठे व्यक्तित्व के धनी युवाओं से की मुलाकात
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मंगलवार को समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य करने वाले युवाओं और प्रतिभाशाली व्यक्तियों ने भेंट की। उन्होंने सभी को उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज को दिशा देने का काम करते हैं।
गाजीपुर से आए आर्म रेसलिंग चैम्पियन

गाजीपुर में आयोजित आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप के प्रतिभागी अमन यादव ने अपने साथियों डॉ. मान सिंह यादव और त्रिलोकी यादव के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात की। सभी ने अपने अनुभव साझा किए और अखिलेश यादव ने उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतापगढ़ के आकर्षण का केन्द्र बने धर्मेन्द्र प्रताप सिंह

8 फीट 1 इंच की ऊंचाई वाले प्रतापगढ़ निवासी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, जो देश के सबसे लंबी कद के व्यक्ति माने जाते हैं, भी मुलाकात करने पहुंचे। उनकी मौजूदगी हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही थी।
इटावा से लखनऊ तक पैदल चले डॉ. पंकज कुमार
अलियापुर, इटावा से डॉ. पंकज कुमार अपनी टीम के 6 साथियों के साथ 6 जून से पैदल यात्रा शुरू कर 9 जून की रात लखनऊ पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा उन्होंने पीडीए (पंचायती लोकतंत्र अभियान) मिशन की सफलता के लिए की है।पूर्व सीएम ने उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
कुंभ में सफाई करने वाले नन्हे रजनीकांत को मिली सराहना
मेजा, प्रयागराज के छोटे बच्चे रजनीकांत ने कुंभ मेले के दौरान स्वप्रेरणा से सफाई अभियान चलाया। इस सेवा भाव के लिए जिलाधिकारी ने भी उनकी सराहना की थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रजनीकांत की पढ़ाई की जिम्मेदारी लेते हुए प्रयागराज के डीपीएस स्कूल में एडमिशन दिलाने की घोषणा की। उनके पिता रजनीकांत देवा भी इस अवसर पर साथ मौजूद रहे। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने संदेश दिया कि“इन युवाओं की प्रेरक कहानियां समाज को नई ऊर्जा देती हैं। समाजवादी पार्टी ऐसे हर प्रयास के साथ खड़ी है जो मानवता, सेवा और आत्मबल को बढ़ाता है।”
