बरेली/शाहजहांपुर : पत्नी की आत्महत्या के बाद दहेज हत्या के झूठे आरोप, केस की वापसी के लिए मोटी रकम की मांग और अंतहीन मानसिक प्रताड़ना, इन सबसे टूट चुके एक युवक ने आखिरकार अपनी जिंदगी को ही खत्म कर दिया। मरने से पहले उसने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया। जिसमें वह सिसक-सिसक कर अपनी आपबीती सुनाता है और ससुरालवालों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराता है। यह दर्दनाक मामला शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र का है। यहां युवक ने आत्महत्या से ठीक पहले जो वीडियो अपलोड किया। वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और अब पुलिस जांच के दायरे में है।
पत्नी की आत्महत्या के बाद लगा दहेज हत्या का केस
मृतक युवक की पहचान सुधीर के रूप में हुई है। कुछ समय पहले उसकी पत्नी वंदना ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद पत्नी के परिजनों ने सुधीर और उसके परिवार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि केस दर्ज होने के बाद लड़की के घरवालों ने मामला रफा-दफा करने के लिए 25 लाख रुपये की मांग की। काफी कोशिशों के बाद किसी तरह किश्तों में यह रकम जुटाई और उन्हें दे दी गई।
‘रुकने का नाम नहीं ले रही थी मांग’
मृतक के अनुसार, पैसों की मांग यहीं नहीं रुकी। बार-बार नए बहाने बनाकर ससुराल वाले लगातार रुपये वसूलते रहे। इन सबके चलते अभिषेक मानसिक रूप से टूट गया था।
वीडियो में छलका दर्द, ‘मैं अब और नहीं सह सकता’
मरने से ठीक पहले मृतक ने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया। जिसमें वह रोते हुए कहता है, “मैंने बहुत कोशिश की समझौता करने की, लेकिन हर बार नया दबाव डाला गया। मैंने सब कुछ खो दिया… अब जीने की कोई वजह नहीं बची।”इस वीडियो में उसने अपने ससुराल पक्ष के कई लोगों के नाम लेकर उन्हें अपनी आत्महत्या के लिए ज़िम्मेदार ठहराया।
फंदे से लटककर की आत्महत्या
वीडियो अपलोड करने के कुछ ही देर बाद मृतक ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। जब परिवारवालों को उसकी हालत का पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही जांच, वीडियो बन सकता है अहम सबूत
एसपी शाहजहांपुर ने मीडिया को बताया कि मृतक द्वारा छोड़ा गया वीडियो महत्वपूर्ण सबूत हो सकता है। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है और वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। परिवार वालों की तहरीर पर आरोपी ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
मानसिक उत्पीड़न के बढ़ते मामले
यह मामला एक बार फिर इस ओर इशारा करता है कि कैसे घरेलू विवादों में फंसने वाले कई निर्दोष लोग मानसिक प्रताड़ना के शिकार हो रहे हैं। न्यायिक प्रक्रिया में देरी और समझौते के नाम पर चल रही जबरन वसूली जैसी प्रवृत्तियों को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
सुधीर की तीन वर्ष की बेटी
मृतक सुधीर की बेटी शिवांशी परिवार के साथ रहती है। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने मीडिया को बताया कि फरवरी 2023 में युवक पर दहेज हत्या का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें वह जेल भी जा चुका था। आत्महत्या और वीडियो के संबंध में जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
![]()
