पूर्व सीएम ने उठाई छोटे दुकानदारों की मदद की मांग
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में पहुंचकर पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव का हालचाल जाना। वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। मेदांता अस्पताल में सपा प्रमुख की उपस्थिति की खबर फैलते ही आस-पास के लोग भी उनसे मिलने के लिए जुटने लगे। इसी दौरान अस्पताल के पास दो प्याली चाय स्टॉल चलाने वाली कु. नव्या ने उनसे मुलाकात की और अपनी दुकान पर चाय पीने का आग्रह किया।
चायवाली नव्या का चाय पीकर बढ़ाया हौसला

पूर्व सीएम अखिलेश यादव नव्या के आग्रह पर उनके चाय स्टॉल पर पहुंचे। यहां नव्या ने खुद उनके लिए चाय बनाई और पिलाई। उन्होंने नव्या के साहस और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। सपा प्रमुख ने कहा, “छोटे दुकानदार और कारोबारी हमारे समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार को चाहिए कि इन्हें प्रोत्साहन दे, न कि उन्हें उजाड़े। अगर सरकार छोटे कारोबारियों की मदद करे, तो उत्तर प्रदेश जल्द ही एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है।”
सरकार से की छोटे व्यापारियों की सहायता की मांग
सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने छोटे कारोबारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने और सहज ऋण, स्थान आवंटन, न्यूनतम लाइसेंस शुल्क जैसी योजनाएं शुरू करने की बात कही।
राजनीति में संवेदनशीलता और ज़मीन से जुड़ाव की मिसाल
इस मुलाकात ने एक बार फिर दिखाया कि अखिलेश यादव न केवल राजनीतिक दायित्वों को निभा रहे हैं, बल्कि आम जनता से भी लगातार जुड़े हुए हैं। चाहे वह एक वरिष्ठ नेता की तबीयत का हाल पूछना हो या एक युवा महिला उद्यमी के चाय स्टॉल पर जाकर उसका हौसला बढ़ाना – यह समाजवादी मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी अखिलेश यादव के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी नव्या को शुभकामनाएं दीं और छोटे कारोबारियों के समर्थन में पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
