गाजीपुर/सुहवल/लखनऊ : यूपी के गाजीपुर जिले में शनिवार को ‘शोले’ फिल्म जैसा सीन देखने को मिला, जब एक ग्रामीण युवक, मछली चोरी की शिकायत पर कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर 200 फीट ऊंचे जिओ टावर पर चढ़ गया। गांव में अफरा-तफरी मच गई, पुलिस- प्रशासन में हड़कंप और तीन घंटे तक चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा।
कौन था ये ‘वीरू स्टाइल’ युवक?
दरअसल, यह अनोखा प्रदर्शन करने वाला युवक बसुहारी गांव निवासी दरोगा बिंद (45 वर्ष) है। उनका आरोप है कि उनकी देखरेख वाले पोखरे से एक शख्स ने 30 हजार रुपये की मछली चुरा ली, और थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके विरोध में दरोगा बिंद शनिवार सुबह चंडी माता मंदिर के पास स्थित टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
तीन घंटे तक सांसें थमी रहीं
मौके पर पहुंची एसडीएम ज्योति चौरसिया, पुलिस प्रभारी राजू दिवाकर और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवक को समझाने की पूरी कोशिश की। मगर, वह तब तक नीचे उतरने को तैयार नहीं था, जब तक उच्च अधिकारियों को बुलाकर इंसाफ का भरोसा न दिलाया जाए।
मांगी न्याय और भरपाई की गारंटी
टावर पर से दरोगा बिंद बार-बार चिल्लाकर कहता रहा कि या तो मछली चोर पर कार्रवाई हो या वह जान दे देगा। भीड़ बढ़ती गई, लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और प्रशासन की सांसें अटकी रहीं।
अंत में मिला आश्वासन, तब जाकर उतरा
लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद जब अधिकारियों ने कार्रवाई और नुकसान की भरपाई का लिखित आश्वासन दिया, तब जाकर दरोगा बिंद नीचे उतरा। नीचे उतरते ही लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
जानें क्या बोले अधिकारी
एसडीएम ज्योति चौरसिया ने मीडिया से कहा, “शिकायत की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा, उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
