बरेली से लौटते समय अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, पूरा परिवार हादसे का शिकार
बरेली/ शाहजहांपुर : यूपी के शाहजहांपुर जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कटरा-जलालाबाद मार्ग पर चंदोखा गांव के पास उस समय हुआ, जब पूरा परिवार एक ऑटो में सवार होकर बरेली से अपने गांव लौट रहा था। हादसे में पिता और दो बेटों की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 7:30 बजे एक परिवार ऑटो में सवार होकर बरेली से शाहजहांपुर जिले के अपने गांव लौट रहा था,जैसे ही ऑटो चंदोखा गांव के पास पहुंचा, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। शाहजहांपुर प्रतिनिधि को ग्रामीणों ने बताया कि डॉक्टरों ने रामनिवास (उम्र 45 वर्ष), उनके बेटे सौरभ (18) और गोलू (14) को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, “The Justice Hindi ” मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं करता।
पत्नी और बेटी की हालत गंभीर
हादसे में रामनिवास की पत्नी उर्मिला (40 वर्ष) और बेटी सोनम (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को पहले जिला अस्पताल लाया गया, फिर हालत नाजुक होने पर बरेली रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उर्मिला को सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सोनम के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।
परिवार में छाया मातम, गांव में शोक की लहर
तीन लोगों की एक साथ मौत की खबर जब गांव पहुंची, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गांववालों ने बताया कि रामनिवास मेहनत- मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे किसी रिश्तेदारी से लौट रहे थे और पूरा परिवार साथ में था। गांव की महिलाएं बिलख रही हैं और हर किसी की आंखें नम हैं। यह हादसा पूरे गांव के लिए एक अकल्पनीय त्रासदी बन गया है।
प्रशासन ने किया मुआवजे का वादा, अज्ञात वाहन की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही SDM कटरा और CO जलालाबाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने और आसपास के थानों को अलर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। FIR अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
![]()
